एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि सुन्नी क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुन्नी में नगर पंचायत की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने ऐलान किया कि लगभग ₹25 करोड़ की लागत से बन रही सुन्नी पेयजल योजना का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और आगामी एक महीने के भीतर इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

सुन्नी को 10 इलेक्ट्रिक बसें जल्द, 25 करोड़ से बनेगी पार्किंग
सुन्नी बस डिपो को 10 नई इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। विश्व बैंक के सहयोग से एचपी रेड्डी परियोजना के तहत सुन्नी-लूहरी सड़क मार्ग के अपग्रेडेशन और चौड़ीकरण के लिए ₹30 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया है। क्षतिग्रस्त हुए थली पुल की मरम्मत के लिए ₹10 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसका काम तेजी से चल रहा है। सुन्नी क्षेत्र में लगभग ₹2 करोड़ की मल निकासी (सीवरेज) परियोजना के टेंडर जारी हो चुके हैं और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। सुन्नी शहर में पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के माध्यम से ₹25 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। हनुमान मंदिर के समीप एक अत्याधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
जनसमस्याओं का किया त्वरित निपटारा

कार्यक्रम से पूर्व कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया। इसके उपरांत उन्होंने सुन्नी बाजार में आयोजित एक शांतिपूर्ण सामाजिक मार्च में भी भाग लिया। इस अवसर पर शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरी कृष्ण हिमराल, पंचायत समिति अध्यक्षा कौशल्या, नगर पंचायत सुन्नी की अध्यक्षा सत्या वर्मा, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
