एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
जिला रोजगार कार्यालय मंडी के सौजन्य से बार्बेक्यू-नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड द्वारा हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में लगभग 400 पदों को भरने के लिए 3 अगस्त 2026 को कैंपस साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। यह साक्षात्कार जिला रोजगार कार्यालय, खलियार (मंडी) में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में 18 से 30 वर्ष आयु के 10वीं, 12वीं तथा होटल मैनेजमेंट या संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 16,000 रुपये सीटीसी (11,000 रुपये इन-हैंड) वेतन मिलेगा। तीन माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उनका इन-हैंड वेतन 14,000 रुपये हो जाएगा। वहीं होटल मैनेजमेंट या संबंधित ट्रेड के डिप्लोमा धारकों को 20,000 रुपये सीटीसी (14,000 रुपये इन-हैंड) वेतन दिया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ, ईएसआईसी, निःशुल्क भोजन एवं आवास जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। उनकी नियुक्ति कंपनी के पुणे, बेंगलुरु, दिल्ली, चेन्नई, मुंबई और गुजरात स्थित प्रतिष्ठानों में की जाएगी। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त संस्थान से होटल मैनेजमेंट का डिप्लोमा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। चौहान ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को दिल्ली स्थित प्रशिक्षण केंद्र में सात दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान भोजन, आवास और आने-जाने का यात्रा व्यय (टिकट) कंपनी द्वारा वहन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण-पत्र तथा दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 अथवा नियोक्ता के मोबाइल नंबर 88106-37785 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
