एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
नारकंडा के हाटू मंदिर के समीप गाहन जंगल में सोमवार को भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान खर्शू और मौरू प्रजाति के करीब 450 पौधे लगाए गए। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश वन विभाग, कर्नल एडवेंचर एंड स्पोर्ट्स, 133 डोगरा रेजिमेंट (ईको टास्क फोर्स) तथा नारकंडा-गाहन क्षेत्र के स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वन अरण्यपाल (आईएफएस) सी.बी. तहसीलदार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ वन मंडल अधिकारी, कोटगढ़ अरुण कुमार तथा कर्नल लखविंदर सिंह भी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में कर्नल लखविंदर सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपने संबोधन में सी.बी. तहसीलदार ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें बड़ा करना इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग कम करने, प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग देने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
वन विभाग ने सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और प्रकृति के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए हुआ।
