एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला। त्योहारों के मद्देनजर शिमला पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी के तहत बालूगंज थाना पुलिस ने कच्चीघाटी में एक किराए के कमरे से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पटाखे रखने और बेचने का वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कच्चीघाटी में सब्जी और फल की दुकान करने वाले राम विलास गुप्ता ने एक भवन में कमरा किराए पर ले रखा है, जहां बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की। पुलिस की जांच के दौरान कमरे से 12 प्लास्टिक बोरों और दो कार्टन बॉक्स में पैक पटाखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद पटाखे 40 अलग-अलग प्रकार के थे और कुल 200 छोटे-बड़े बॉक्स में रखे गए थे।पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए वैध लाइसेंस या परमिट दिखाने को कहा, लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बालूगंज पुलिस थाना में इस संबंध में अभियोग संख्या 221/2026, दिनांक 20 अक्तूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। जिला शिमला पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, ताकि पटाखों की अवैध आपूर्ति पर अंकुश लगाया जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि पटाखों की खरीद, बिक्री और भंडारण के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें।
