एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर में छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एबीवीपी की स्थानीय इकाई ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की जर्जर स्थिति में सुधार, पुराने बस अड्डे से कॉलेज के मुख्य द्वार तक सुरक्षित पगडंडी का निर्माण, पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय को दोबारा शुरू करने तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा बढ़ाई गई फीस वापस लेने की मांग उठाई।
एबीवीपी के विभाग संयोजक रवि वर्मा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों के अधिकारों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न मदों में बढ़ाई गई फीस से विशेष रूप से मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उनका कहना था कि यह फैसला छात्र हितों के विपरीत है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि परिषद लंबे समय से महाविद्यालय परिसर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार, पुराने बस अड्डे से कॉलेज के मुख्य द्वार तक सुरक्षित पैदल मार्ग (पगडंडी) के निर्माण तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विषय को पुनः शुरू करने की मांग कर रही है। बावजूद इसके, इन मांगों पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
रवि वर्मा ने स्थानीय प्रशासन और प्रदेश सरकार से छात्र हितों से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो एबीवीपी चरणबद्ध और व्यापक आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी।
