एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार सायं भाषा एवं संस्कृति विभाग के पूर्व सहायक निदेशक तथा हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता त्रिलोक सूर्यवंशी द्वारा लिखित पुस्तक ‘जाखू मन्दिर-संजीवनी बूटी का रहस्य’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक के लिए लेखक को बधाई देते हुए कहा कि यह कृति पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को विश्व प्रसिद्ध जाखू मन्दिर की धार्मिक मान्यताओं के साथ-साथ शिमला के इतिहास, संस्कृति और विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त होंगी।
पुस्तक में लेखक त्रिलोक सूर्यवंशी ने जाखू मन्दिर के पौराणिक इतिहास, संजीवनी बूटी से जुड़े रहस्य, मन्दिर से संबंधित रोचक तथ्यों, शिमला के विरासत भवनों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों का विस्तृत वर्णन किया है।
इस अवसर पर लेखक की धर्मपत्नी माया सूर्यवंशी, जगमोहन शर्मा, पूर्ण चन्द तथा अजय भारद्वाज भी उपस्थित रहे।
