एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू |हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पतलीकूहल स्थित बाड़ी प्राथमिक स्कूल से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। मंगलवार को स्कूल में मिड-डे मील के दौरान परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। खीर खाने के कुछ देर बाद बच्चों को उल्टी, जी घबराने और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पतलीकूहल में भर्ती कराया गया।
घर पहुंचते ही बिगड़ी बच्चों की हालत
जानकारी के अनुसार, प्रभावित बच्चों में बाड़ी, जैंडी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी गांवों के छात्र शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि शाम करीब 4 बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद जब बच्चे घर पहुंचे, तो उनकी हालत बिगड़ने लगी। कुछ बच्चों के तो स्कूल के बाहर ही अर्धमूर्छित अवस्था में गिरने की बात भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के अस्पताल पहुंचने से परिजनों में हड़कंप मच गया और वे भी भारी संख्या में सीएचसी पहुंचे।
फूड पॉइजनिंग या दूषित पानी की आशंका
सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का इलाज कर रहे डॉ. मोहित शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। दूषित पानी भी इसका एक संभावित कारण हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का सही पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। बीएमओ नग्गर डॉ. कर्ण ने बताया कि सभी बच्चों का इलाज सीएचसी पतलीकूहल में चल रहा है। डॉक्टरों की विशेष टीम बच्चों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी (Monitoring) कर रही है।
