एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को मालरोड शिमला स्थित ‘सहकार सदन’ के नवीनीकरण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस परियोजना पर करीब 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नवीनीकरण के बाद पुराने भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नया स्वरूप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के तहत सहकार सदन की प्रत्येक मंजिल को जरूरत के अनुसार विशेष रूप से व्यवस्थित किया जाएगा। बहुमंजिला इमारत के कायाकल्प से यहां काम करने वाले कर्मचारियों और आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सहकार सदन के नवीनीकरण का कार्य 15 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। भवन में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ बेहतर कार्यस्थल विकसित किए जाएंगे।
अलग-अलग मंजिलों पर मिलेंगी ये सुविधाएं
परियोजना के तहत मेजनाइन फ्लोर पर आधुनिक वर्कस्टेशन और केबिन पार्टीशन तैयार किए जाएंगे। वहीं, ग्राउंड फ्लोर पर नया रिसेप्शन, वर्कस्टेशन और एडवांस स्क्रीनिंग एरिया विकसित किया जाएगा। बेसमेंट-1 में कॉन्फ्रेंस हॉल और वर्कस्टेशन बनाए जाएंगे। बेसमेंट-2 में बच्चों के लिए समर्पित क्रैच क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसके अलावा बेसमेंट-3 में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के साथ व्यवस्थित स्टोरेज एलिवेशन का निर्माण किया जाएगा।
सहकारी बैंक की शाखाओं का हो रहा आधुनिकीकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक प्रदेश का अग्रणी सहकारी बैंक है। बैंक प्रदेशभर में आधुनिक और भरोसेमंद बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। बैंक की पुरानी शाखाओं और इमारतों का भी चरणबद्ध तरीके से आधुनिकीकरण किया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक संजय अवस्थी एवं राम कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देविन्द्र श्याम, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवन्त छाजटा, बैंक के निदेशक संजय शर्मा, हरी कृष्ण हिमराल, प्रबन्ध निदेशक विनय सिंह और महाप्रबन्धक जीत राम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
