एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
शिक्षक दिवस के अवसर पर SDPI Computer Education Institute, Rampur Bushahr की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की सामाजिक और प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में हिमकॉन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विकेश चौहान (गिन्नी भाई) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान Himalayan Sports & Welfare Foundation के निदेशक अजय ठाकुर (पिंकु), सरकारी ठेकेदार रणजीत कंवर, हरीश धड़ेल और साहिल मेहता भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण SDPI के माध्यम से निःशुल्क एक वर्षीय कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के साथ विकेश चौहान का सीधा संवाद रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचियों, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विकेश चौहान ने कहा कि वर्तमान दौर में कंप्यूटर एवं डिजिटल शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए रास्ते खोल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और तकनीकी ज्ञान का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं के लिए डिजिटल कौशल हासिल करना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा होते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सरकार की ओर से शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा और प्रतिभा के आड़े नहीं आनी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए सहयोग देना चाहिए, ताकि प्रतिभाशाली बच्चे संसाधनों के अभाव में अपने सपनों से पीछे न हटें।
विकेश चौहान ने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे न केवल अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं, बल्कि समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासाएं और भविष्य से जुड़े सवाल अतिथियों के समक्ष रखे। संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिली।
