एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी | अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) मंडी हिमाचल प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज हमीरपुर में पैरामेडिकल कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दाखिला संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 13 सितंबर 2026 रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार आवेदन पत्र और प्रॉस्पेक्टस विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। प्रवेश परीक्षा की तिथि विश्वविद्यालय की ओर से बाद में घोषित की जाएगी।
चार वर्षीय स्नातक कोर्स में मिलेगा प्रवेश
एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज हमीरपुर में चार वर्षीय यानी आठ सेमेस्टर के स्नातक पैरामेडिकल कोर्स में प्रवेश दिया जाएगा। इनमें चार पाठ्यक्रम शामिल हैं। इस तरह चारों पाठ्यक्रमों में कुल 210 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
- बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी (BAOT) – 60 सीटें
- बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी (BMRIT) – 60 सीटें
- बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस (BMLS) – 60 सीटें
- बैचलर ऑफ डायलिसिस थैरेपी टेक्नोलॉजी (BDTT) – 30 सीटें
चार शहरों में प्रस्तावित परीक्षा केंद्र
संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए हिमाचल प्रदेश के शिमला, हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा में परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के परीक्षा केंद्र का विकल्प देना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुसार परीक्षा केंद्रों में बदलाव किया जा सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय केंद्र का विकल्प सावधानीपूर्वक भरने की सलाह दी गई है।
13 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 13 सितंबर 2026 रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी करने से पहले अभ्यर्थियों को प्रॉस्पेक्टस में दिए गए पात्रता मानदंड और अन्य आवश्यक निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार भवानी ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया नियमानुसार जारी है। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है। प्रवेश परीक्षा की तिथि और परीक्षा से संबंधित अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की ओर से बाद में जारी की जाएगी।
