एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग में जूनियर ड्राफ्ट्समैन (सिविल) जॉब ट्रेनी के सात पद बैचवाइज आधार पर भरे जाएंगे। भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों के नाम जिला रोजगार कार्यालय मंडी के माध्यम से विभाग को प्रायोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि सात पदों में तीन पद सामान्य श्रेणी के लिए हैं। इसके अलावा एक-एक पद सामान्य श्रेणी (आईआरडीपी), सामान्य (ईडब्ल्यूएस), अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जाति (बीपीएल) श्रेणी के लिए आरक्षित है। संबंधित श्रेणियों के लिए अभ्यर्थियों का बैच वर्तमान तिथि तक निर्धारित किया गया है।
उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से अपने रोजगार पंजीकरण की स्थिति अनिवार्य रूप से जांचने का आग्रह किया है। यदि किसी अभ्यर्थी का रोजगार पंजीकरण किसी कारणवश समाप्त हो गया है या उसने अभी तक अपना नाम रोजगार कार्यालय में दर्ज नहीं करवाया है, तो वह 19 सितंबर 2026 तक नजदीकी जिला रोजगार कार्यालय अथवा उप-रोजगार कार्यालय में जाकर पंजीकरण या नवीनीकरण करवा सकता है। जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर रोजगार पंजीकरण सक्रिय होना जरूरी है, तभी पात्र अभ्यर्थियों के नाम समय पर विभाग को प्रायोजित किए जा सकेंगे। यदि किसी अभ्यर्थी का पंजीकरण समाप्त पाया जाता है, तो उसका नाम विभाग को नहीं भेजा जा सकेगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अभ्यर्थी की होगी।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।
