एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
तीन दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-14 बॉयज एवं गर्ल्स टूर्नामेंट में शिवालिक पब्लिक स्कूल झाकड़ी के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किए।
छात्राओं ने भाषण, ग्रुप सांग, वन एक्ट प्ले और लोक नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सिंगल सांग में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसी तरह छात्रों ने ग्रुप सांग, सिंगल सांग, वन एक्ट प्ले और लोक नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं की संयुक्त टीम ने मार्च पास्ट प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन के बाद स्कूल पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधक बिशना भंडारी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सफलता का श्रेय प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और कुशल मार्गदर्शन के साथ-साथ अभिभावकों के सहयोग को दिया।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।
