एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में मेडिकल लैबोरेट्री टैक्निशियन ग्रेड-II (जॉब ट्रेनी) के 18 पद बैचवाइज आधार पर भरे जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों के नाम जिला रोजगार कार्यालय मंडी के माध्यम से संबंधित विभाग को प्रायोजित किए जाएंगे।
उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि जिनका रोजगार कार्यालय में पंजीकरण किसी कारणवश व्यपगत या समाप्त हो गया है, वे 14 अक्तूबर 2026 तक अपना पंजीकरण नवीनीकरण करवा लें। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक रोजगार पंजीकरण नहीं करवाया है, वे भी निर्धारित तिथि से पहले पंजीकरण करवाएं, ताकि उनका नाम समय पर विभाग को प्रायोजित किया जा सके।
प्रायोजन के लिए श्रेणीवार अंतिम पात्र बैच निर्धारित किए गए हैं। इनमें सामान्य (अनारक्षित) श्रेणी के 09 पदों के लिए दिसंबर 2012, सामान्य ईडब्ल्यूएस के एक पद के लिए दिसंबर 2015, सामान्य डब्ल्यूएफएफ के एक पद के लिए दिसंबर 2025, अनुसूचित जाति (अनारक्षित) के 05 पदों के लिए दिसंबर 2021 तथा अनुसूचित जनजाति (अनारक्षित) के 02 पदों के लिए दिसंबर 2022 का बैच निर्धारित है।
जिला रोजगार अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपने रोजगार पंजीकरण की स्थिति जांचने की अपील की है। पंजीकरण व्यपगत या समाप्त होने की स्थिति में अभ्यर्थी निर्धारित तिथि से पहले निकटतम जिला रोजगार कार्यालय अथवा उप रोजगार कार्यालय में जाकर पंजीकरण या नवीनीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा ईईएमआईएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण अथवा नवीनीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक जिन अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीकरण वैध नहीं होगा या जिन्होंने पंजीकरण/नवीनीकरण नहीं करवाया होगा, उनके नाम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को प्रायोजित नहीं किए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।
