एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे सफाई कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे नगर परिषद के ठेका सफाई कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। नगर परिषद रामपुर परिसर में 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की ओर से आयोजित शिविर में चिकित्सकों की टीम ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की।

शिविर में कर्मचारियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और परेशानियों की जानकारी ली। जांच के बाद चिकित्सकों ने कर्मचारियों को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां वितरित कीं। सभी सफाई कर्मचारियों को स्वास्थ्य किट भी प्रदान की गई।
नगर परिषद अध्यक्ष करण शर्मा ने स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के लिए नाथपा झाकड़ी परियोजना प्रबंधन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्रतिदिन महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाने की उम्मीद जताई।
परियोजना अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका है। सफाई कार्य के दौरान उन्हें कई तरह की परिस्थितियों में काम करना पड़ता है, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। शिविर के दौरान कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी सावधानियों और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
आयोजकों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि स्वच्छता अभियान से जुड़े कर्मचारियों को समय पर स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
