शिमला | हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने बीएफए, बीपीए, बीसीए, बीबीए, बीवॉक और पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन की परीक्षाओं की संशोधित डेटशीट जारी कर दी है। परीक्षाएं 28 अक्तूबर से शुरू होकर नवंबर के मध्य तक चलेंगी। विश्वविद्यालय ने बीसीए प्रथम सेमेस्टर की पुनः परीक्षाओं और बीएफए-बीपीए प्रथम सेमेस्टर की नई शिक्षा नीति के तहत होने वाली परीक्षाओं की अस्थायी डेटशीट भी जारी की है। बीसीए प्रथम सेमेस्टर की पुनः परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 अक्तूबर को गणित, 2 नवंबर को एप्लाइड इंग्लिश, 5 नवंबर को कंप्यूटर फंडामेंटल्स, 11 नवंबर को सी प्रोग्रामिंग और 13 नवंबर को ऑफिस ऑटोमेशन टूल्स की परीक्षा होगी।
तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर बाद
बीसीए के तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होंगी। इनमें गणित, ऑपरेटिंग सिस्टम, ई-कॉमर्स, कंप्यूटर ऑर्गेनाइजेशन, मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम सहित अन्य विषय शामिल हैं। बीएफए के प्रथम, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की सैद्धांतिक परीक्षाएं भी दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएंगी। सातवें सेमेस्टर की परीक्षा 28 अक्तूबर को होगी। वहीं, 2 नवंबर को पर्यावरण विज्ञान और 4 नवंबर को अनिवार्य हिंदी का प्रश्नपत्र निर्धारित है। पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन और बीवॉक के रिटेल मैनेजमेंट तथा हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं भी 28 अक्तूबर से शुरू होंगी।
विश्वविद्यालय ने नई शिक्षा नीति के तहत बीएफए और बीपीए प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं का अस्थायी कार्यक्रम भी जारी किया है। इसमें कथक नृत्य की मूल अवधारणाएं, कला की सराहना, भारतीय शास्त्रीय संगीत, अंग्रेजी और हिंदी सहित विभिन्न विषय शामिल हैं। कुछ प्रश्नपत्र सुबह 9 से 10:30 बजे और कुछ सुबह 9 से 11 बजे तक होंगे। कुछ विषयों की परीक्षाएं 11 नवंबर को शाम की पाली में निर्धारित की गई हैं। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों और निदेशकों को अस्थायी डेटशीट सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। प्रश्नपत्रों की तारीख या समय में किसी तरह का टकराव होने पर परीक्षा नियंत्रक को सूचित करना होगा।
बीसीए के तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाओं में कंप्यूटर और प्रबंधन से जुड़े कई विषय शामिल हैं। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार 28 अक्तूबर को गणित, 29 अक्तूबर को ऑपरेटिंग सिस्टम, 30 अक्तूबर को बिजनेस प्रैक्टिस एंड मैनेजमेंट, 2 नवंबर को ई-कॉमर्स और 3 नवंबर को पर्यावरण विज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद कंप्यूटर ऑर्गेनाइजेशन, मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम, सी प्लस प्लस के साथ ऑब्जेक्ट ओरिएंटेड प्रोग्रामिंग, डॉट नेट टेक्नोलॉजीज, डेस्कटॉप पब्लिशिंग और कंप्यूटर आधारित सांख्यिकीय विधियों के प्रश्नपत्र होंगे। इन परीक्षाओं का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
