कुल्लू | हिमाचल प्रदेश की लाहौल घाटी में उदयपुर-तिंदी मार्ग पर सोमवार दोपहर एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मोड़ा बीर मंदिर के पास हुआ, जहां बरातियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चिनाब नदी के किनारे जा गिरी। मृतकों में दो सगे भाई और एक चचेरा भाई शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, कार (एचआर-03पी-3251) में कुल सात लोग सवार थे। सभी तिंदी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बताया जा रहा है कि सलग्रां से बरात दुल्हन लेने तिंदी गई थी। सोमवार दोपहर करीब 3:45 बजे वापसी के दौरान मोड़ा बीर मंदिर के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शवों को भी बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए उदयपुर के अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में शिव कुमार और अजय निवासी सलग्रां, कार्तिक निवासी सलग्रां ने मौके पर दम तोड़ा। जबकि विवेक की कुल्लू अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। शिव कुमार और अजय सगे भाई थे। वहीं, विवेक उनका चचेरा भाई था। हादसे में हादसे में सलग्रां निवासी रोहित व समीर और चालक पुष्पेंद्र निवासी भुजुंड घायल हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला के अनुसार, पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन चालक के नियंत्रण खोने के बाद कार सड़क से नीचे जा गिरी। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
