Kinnaur: वर्तमान सरकार हिमाचल की प्राचीन संस्कृति के संरक्षण को लेकर प्रतिबद्ध : जगत सिंह नेगी

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

किन्नौर। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिले के पूह उपमंडल की रारंग ग्राम पंचायत में आयोजित राज्य स्तरीय गुरु संज्ञास मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने गुरु संज्ञास मेला समिति को ₹3 लाख की राशि देने की घोषणा की।

राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल की समृद्ध व प्राचीन संस्कृति के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार मेले-त्योहारों के सफल आयोजन में सहयोग कर रही है ताकि जनजातीय क्षेत्रों की परंपराएं संरक्षित रह सकें।

मेले त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक

मंत्री ने कहा कि मेले-त्योहार किसी भी क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि किन्नौर की समृद्ध बौद्ध संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है। कठिन जीवनशैली में मानसिक राहत व सामाजिक समरसता के लिए ये आयोजन बेहद जरूरी हैं।

सरकार का लक्ष्य सभी वर्गों का समान विकास

जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार गैर-राजनीतिक प्रतिशोध से ऊपर उठकर समान विकास की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार ने नौ-तोड़ अधिनियम, 1968 के तहत गरीबों को जमीन का मालिकाना हक दिया था। वर्तमान में वन अधिकार अधिनियम, 2006 के अंतर्गत भूमिहीनों को लाभ दिया जा रहा है।

किन्नौर में छात्राओं को निःशुल्क अंग्रेज़ी शिक्षा की सौगात

राजस्व मंत्री ने घोषणा की कि रारंग, पूह और कानम पंचायतों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे, जिनमें अंग्रेज़ी माध्यम में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा।

बागवानी प्रदर्शनी और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन

इस अवसर पर बागवानी विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके माध्यम से आम लोगों को विभाग की विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देवता श्री पाथोरो जी को नमन और गा रिनपोचे जी के संबोधन से हुई।

प्रतियोगिताएं व सम्मान समारोह

समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक व खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा नकद पुरस्कार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की भागीदारी

इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्षा सरोज नेगी, पंचायत समिति अध्यक्षा ललिता पंचारस, जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य केसर नेगी समेत कई अधिकारी और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रारंग पंचायत प्रधान राजेंद्र नेगी ने मंत्री जगत सिंह नेगी व उनकी धर्मपत्नी का पारंपरिक रूप से स्वागत किया और मेला इतिहास की जानकारी दी। कार्यकारी एडीएम पूह नारायण सिंह चौहान ने सभी का आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *