एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्रदेश सरकार से छात्र संघ चुनाव तुरंत बहाल करने की मांग करते हुए छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया है। रामपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में एबीवीपी के जिला संयोजक रवि वर्मा, रामपुर इकाई अध्यक्ष आयुष शर्मा और इकाई मंत्री अखिल खुराना ने कहा कि परिषद 16 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रभावी रूप से लागू करने, शिक्षण संस्थानों की आधारभूत संरचना सुदृढ़ करने, मूल्यांकन प्रणाली पारदर्शी बनाने और राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
एबीवीपी ने कानून व्यवस्था की बदहाली, नशा तस्करी, महिला उत्पीड़न और पुलिस की निष्क्रियता पर भी चिंता जताई। परिषद ने खाली पदों को शीघ्र भरने, आपदा प्रभावितों को मुआवजा देने और गोवंश की देखभाल के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के नाम पर हो रहा अंधाधुंध निर्माण और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हिमाचल को आपदाओं की ओर धकेल रहा है। बस किराया वृद्धि और बढ़ती बेरोजगारी को भी सरकार की नाकामी करार दिया गया।
आंदोलन के तहत प्रेस वार्ता, ज्ञापन सौंपना, हस्ताक्षर अभियान, धरना और सांकेतिक भूख हड़ताल आयोजित की जाएगी। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो उसे छात्र शक्ति के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ेगा।
