एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर में अभिभावक-शिक्षक संघ (PTA) की कार्यकारिणी द्वारा आम सभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने की। इस अवसर पर अभिभावकों ने छात्रों के लिए स्ट्रीम के अनुसार ड्रेस कोड लागू करने की मांग की, ताकि महाविद्यालय में अनुशासन और एकरूपता सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में छात्रों के सर्वांगीण विकास और कॉलेज से जुड़े विविध मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। पीटीए अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने कॉलेज प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें प्रमुख रूप से छात्रों की उपस्थिति की सूचना समय पर अभिभावकों तक पहुंचाने की व्यवस्था, हर कक्षा में सीसीटीवी कैमरे लगाना, बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर रोक, कॉलेज परिसर में पुलिस तैनाती की मांग, संपत्ति की सुरक्षा हेतु उपाय, और स्वच्छता व सौंदर्यीकरण के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने पत्रकारिता विभाग में प्राध्यापक की नियुक्ति न होने पर चिंता जाहिर की और बेडमिंटन के लिए इंडोर कोर्ट के निर्माण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इसके लिए पीटीए फंड में कोई कमी नहीं है। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की कि वे समय-समय पर कॉलेज आकर बच्चों की पढ़ाई की स्थिति पर जानकारी लें और संवाद बनाए रखें।
प्राचार्य डॉ. बसोतिया ने कॉलेज में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्रों ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने और उन्हें अपनी गलतियों को साझा करने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।
इस अवसर पर पीटीए के मुख्य सलाहकार राजेश गुप्ता, लेखा परीक्षक डीडी कश्यप, उपाध्यक्ष मोहर सिंह, सचिव डॉ. प्रताप सिंह, संयुक्त सचिव देविका सोनी सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य, कॉलेज स्टाफ और अनेक अभिभावक उपस्थित रहे।
