एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जलशक्ति बोर्ड को करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार तेज बारिश व भूस्खलन से खनेरी, रामपुर, शीशमहल, डकोलढ़, खोपड़ी, ल्हासा, झाकड़ी सहित कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
नोगली में मुख्य पाइपलाइन टूटने से जलापूर्ति ठप हो गई है। विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटी है, परन्तु लगातार बारिश के कारण काम में रुकावटें आ रही हैं। समेज क्षेत्र में भी पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके साथ ही खड्डों में सिल्ट की मात्रा बढ़ने से स्टोरेज में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
जलशक्ति बोर्ड रामपुर के एसडीओ बीरबल मोदी ने जानकारी दी कि जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, जल आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने जनता से संयम और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की है। प्रशासन नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने में जुटा है।
