एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) रामपुर महाविद्यालय इकाई ने आज महाविद्यालय परिसर में छात्रों की विभिन्न समस्याओं और प्रदेश स्तर की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को प्राचार्य के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
एबीवीपी ने मांग की कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए। साथ ही प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी और नशा तस्करी पर कड़ी रोक लगाई जाए तथा कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए। शैक्षणिक संस्थानों में राजनीतिक ताला बंदी पर रोक लगाने, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को तुरंत लागू करने और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा हेतु छात्र संघ चुनाव बहाल करने की भी मांग प्रमुख रही।
प्रदर्शन की अध्यक्षता रवि वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सत्ता में आने से पहले व्यवस्था परिवर्तन के वादे करती रही, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
