एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। कुल्लू जिले के निरमंड ब्लॉक के ब्रौ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को कथित रूप से मुस्लिम युवक द्वारा अगवा किए जाने के विरोध में शुक्रवार को ब्रौ में विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर रोष रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। पंचायत घर से ब्रौ पुल तक रैली निकाली गई, जिसके बाद विभिन्न वक्ताओं ने जनसभा को संबोधित किया। विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री विष्णु शर्मा ने कहा कि यह मामला क्षेत्र की सामाजिक सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पहले भी दो युवतियों को इसी तरह से शिमला से वापस लाया गया था। यह कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जनसंख्या संतुलन को प्रभावित करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों में अनजान व्यक्तियों को किराये पर न रखें और अगर रखे हैं तो उनकी पहचान की पुलिस से पुष्टि अवश्य करवाएं। उन्होंने लव जिहाद, भूमि जिहाद और अन्य धार्मिक रूप से प्रेरित गतिविधियों को भी क्षेत्र में बढ़ती समस्या बताया।
पंचायत प्रधान शशि कटोच ने भी सभी मकान मालिकों से आग्रह किया कि वे किराएदारों की पूर्ण पुलिस वेरिफिकेशन करवाएं और उनके गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें। उन्होंने कहा कि बाहरी व्यक्तियों की उपस्थिति पर स्थानीय प्रशासन को सूचित करना समाज की जिम्मेदारी है। इस मौके पर पंचायत उप प्रधान करण शर्मा, नगर मंत्री पीयूष मेहता, आदित्य शर्मा, महिला मंडल ब्रौ, युवक मंडल रंदल और स्थानीय ग्रामीणों ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। रैली शांतिपूर्ण रही, लेकिन इसके माध्यम से स्थानीय जनता ने प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने का संदेश दिया।