एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर उपमंडल के पंद्रहबीश क्षेत्र की गानवी खड्ड में दो माह पूर्व आई बाढ़ ने जो तबाही मचाई थी, उसके बाद से हालात जस के तस हैं। खास बात यह है कि यह इलाका वर्षों से कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, फिर भी स्थानीय जनता को अपनी ही सरकार से कोई राहत नहीं मिल रही।
गानवी, क्याव और कूट सड़क की दुर्दशा
गानवी, क्याव और कूट पंचायतों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क अब भी अवरुद्ध है। गानवी खड्ड पर कलवर्ट तक नहीं लगाया गया, जिससे ग्रामीणों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य परिवहन निगम की बस दो महीने से फंसी हुई है और वैकल्पिक व्यवस्था न होने से स्कूल, अस्पताल, बाज़ार तक पहुँचना दूभर हो गया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप: प्रशासन और विभाग में भारी भ्रष्टाचार
स्थानीय निवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं—विजय महाटेट, सुरेश, सुभाष नेगी, सत्य प्रकाश, ओम प्रकाश, राम लोक, वेद प्रकाश, फुला सिंह, जगजीत सिंह, ईश्वर सिंह, मोहन मेहता, कृष्णा देवी, लीला देवी, सुरत राम, मेहर सिंह, नेक राम, मोहर सिंह और काशी राम आदि ने आरोप लगाया कि मशीनों के फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी न तो जनता की सुनते हैं और न ही स्थानीय सुझावों को तवज्जो दी जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र, आंदोलन की चेतावनी
कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को पत्र लिखकर शिकायत की है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
दौरे के बाद भी काम ठप, कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी
लोनिवि मंत्री, वित्तायोग अध्यक्ष और ज़िप अध्यक्ष द्वारा क्षेत्रीय दौरे के बाद सिर्फ एक दिन काम हुआ, फिर सबकुछ ठप पड़ गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर सरकार ने समस्याओं की अनदेखी जारी रखी, तो भविष्य में कांग्रेस के लिए समर्थन बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा।
