एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर के पाटबंगला खेल मैदान में वीरवार को अविनाश नेगी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया ने बतौर मुख्य अतिथि किया। इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन ब्लैक ब्वॉयज एसोसिएशन रामपुर द्वारा किया जा रहा है। टूर्नामेंट रियल क्रिकेट फॉर्मेट पर आधारित है, जिसमें लेदर बॉल का प्रयोग किया जा रहा है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र बोरिस नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। सभी टीमों को ए, बी, सी और डी पूल में विभाजित किया गया है। प्रत्येक पूल से चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ ₹1,11,111 की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी सहित ₹55,555 नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला ओएनजेड और एनएन निगुलसारी (किन्नौर) के बीच खेला गया, जिसमें ओएनजेड की टीम ने जीत दर्ज की। एसोसिएशन के पूर्व प्रधान अनिल नेगी ने बताया कि यह टूर्नामेंट दिवंगत अविनाश नेगी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अविनाश नेगी ब्लैक ब्वॉयज टीम के एक प्रतिभाशाली और समर्पित खिलाड़ी थे। इस अवसर पर सुनील चौहान, विमल, बॉबी मेहता, यशवंत शर्मा सहित एसोसिएशन के कई सदस्य एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
