एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत पेंशनर फोरम की कोटगढ़ एवं खनेरी इकाई की बैठक राम लाल आज़ाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद संयुक्त एक्शन कमेटी के कर्मचारियों ने 12 फरवरी को प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाने को लेकर रणनीति तैयार की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हड़ताल के दिन कुमारसैन में भी मंडल स्तरीय विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्युत बोर्ड द्वारा प्रस्तावित बिजली बिलों में बढ़ोतरी तथा स्मार्ट मीटर लगाए जाने के फैसले का कड़ा विरोध किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए सुंदर कंवर ने कहा कि स्मार्ट मीटर बिजली के निजीकरण की दिशा में पहला कदम है। आने वाले समय में केंद्र सरकार के दबाव में प्रदेश सरकार विद्युत बोर्ड को निजी हाथों में सौंप सकती है, जो कर्मचारियों, पेंशनरों और उपभोक्ताओं—किसी के भी हित में नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि निजीकरण की स्थिति में प्रदेश के उपभोक्ताओं को महंगी दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में लक्ष्मण सिंह, प्रदीप मखैक तथा टेक चंद सिंघा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को तुरंत रोका जाए और उपभोक्ताओं पर महंगी बिजली का अतिरिक्त बोझ न डाला जाए।
