मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में गुरुवार को शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों के ड्रेस कोड, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म तथा स्कूल भवनों की रंग योजना को अंतिम रूप देने के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की विशिष्ट यूनिफॉर्म हरे रंग की थीम पर आधारित होगी। महिला शिक्षिकाओं के लिए हल्के लाइलैक (बैंगनी) रंग की पोशाक, जबकि पुरुष शिक्षकों के लिए हल्के नीले रंग की पैंट और शर्ट निर्धारित की गई है।
इसी तरह सीबीएसई स्कूलों के भवनों को ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंगों से रंगा जाएगा। शिक्षकों का ड्रेस कोड साफ-सुथरा, औपचारिक, शालीन और पेशेवर रखने का निर्णय लिया गया है। ड्रेस कोड में न्यूनतम सहायक वस्तुओं का प्रयोग किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान सभी शिक्षकों के लिए पहचान पत्र पहनना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई स्कूलों में आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने 80 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इन स्कूलों के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये भी जारी किए जाएंगे।
बैठक में विधायक सुरेश कुमार, चंद्र शेखर और नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, सचिव शिक्षा राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
