एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
भारत भ्रमण से लौटे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ ने ओक ओवर, शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की और स्नेहपूर्वक अपने यात्रा अनुभव साझा किए। बच्चों ने बताया कि यह भारत भ्रमण उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और अविस्मरणीय रहा, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए गोवा प्रवास, क्रूज यात्रा, समुद्र तट के अनुभव, हवाई यात्रा और आगरा भ्रमण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से यह भी पूछा कि हवाई यात्रा से पहले बोर्डिंग पास कैसे बनता है तथा इस यात्रा के दौरान उन्होंने कौन-कौन सी नई बातें सीखीं। ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यात्राएं केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुभव और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने का सशक्त माध्यम होती हैं। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस यात्रा से प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में प्रेरणा के रूप में अपनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं है, बल्कि ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के सपनों को साकार करने की प्रतिबद्ध पहल है। उन्होंने बताया कि 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद इन बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए कोचिंग सुविधा प्रदान की जाएगी और उनकी उच्च शिक्षा का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के माता-पिता नहीं हैं, उनके लिए सरकार ही माता-पिता की भूमिका निभा रही है। इन बच्चों का पालन-पोषण परिवार की तरह किया जा रहा है और उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संपदा पर इन बच्चों का भी समान अधिकार है और राज्य सरकार इस संपदा का उपयोग वंचित वर्ग के कल्याण के लिए कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों की यात्रा पर आधारित पुस्तिका ‘सपनों की उड़ान’ का विमोचन किया तथा भारत भ्रमण पर आधारित एक लघु वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत सराहन, टूटीकंडी और मशोबरा स्थित बाल देखभाल संस्थानों में रह रहे 52 बच्चों को 6 जनवरी 2026 को शिमला से चंडीगढ़–दिल्ली–आगरा–गोवा–चंडीगढ़ के विशेष शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक भ्रमण पर भेजा गया था। इस दौरान बच्चों ने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक स्थलों के साथ-साथ वंदे भारत एक्सप्रेस, मेट्रो, हवाई और क्रूज यात्रा जैसे आधुनिक परिवहन साधनों का भी अनुभव प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रतन, विधायक विवेक शर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
