एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को जिला हमीरपुर के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के आपदा प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने चबूतरा गांव में जमीन धंसने से प्रभावित हुए परिवारों से बातचीत की। उन्होंने घोषणा की कि बेघर हुए प्रत्येक परिवार को घर बनाने के लिए 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से देगी। इसके अलावा 70 हजार रुपये घरेलू सामान खरीदने के लिए दिए जाएंगे। स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी अपनी ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 1 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता प्रदान करेंगे। इस तरह कुल मिलाकर प्रत्येक बेघर परिवार को 8.70 लाख रुपये की मदद मिलेगी।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने जंगलबैरी हेलीपैड पर उतरने के बाद सबसे पहले खैरी और आसपास के गांवों का दौरा किया। वहां उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावितों को ढांढस बंधाया। इसके बाद वे चबूतरा पहुंचे, जहां जमीन धंसने से कई घर पूरी तरह जमींदोज हो गए। उन्होंने अधिकारियों को राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। सीएम सुक्खू ने कहा कि इस मानसून सीजन में प्रदेशभर में भारी नुकसान हुआ है। वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का आकलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेघर हुए परिवारों को स्थायी आवास दिलाने के लिए वन विभाग की सुरक्षित भूमि हस्तांतरित करने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। चबूतरा का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री कुठेड़ा पहुंचे और वहां स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
