एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
राजकीय महाविद्यालय निरमंड में हिमाचल प्रदेश कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (एचजीसीटीए) की स्थानीय इकाई का गठन करते हुए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया। महाविद्यालय के स्टाफ रूम में आयोजित सामान्य बैठक में संगठन की सदस्यता के नवीनीकरण के साथ नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से कैप्टन डॉ. संदीप ठाकुर को स्थानीय इकाई का अध्यक्ष, प्रो. सुरेंद्र धीमान को उपाध्यक्ष, डॉ. गौरव सूद को महासचिव, राहुल शर्मा को कोषाध्यक्ष तथा प्रो. राजेश चौहान को सलाहकार नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार से महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (CAS) को शीघ्र लागू करने तथा इससे जुड़े लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के करियर उन्नयन से संबंधित यह मामला लंबे समय से लंबित है, जिससे पात्र शिक्षकों को समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया।
बैठक में शिक्षकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नई कार्यकारिणी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय बढ़ाने तथा उनके हितों की प्रभावी ढंग से पैरवी करने का संकल्प लिया।
