एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) के कई अधिकारियों के तबादले और तैनाती के आदेश जारी किए हैं। राज्य सरकार ने उपायुक्त हमीरपुर के पद पर तैनात अमरजीत सिंह को स्थानांतरित कर सचिव सहकारिता की जिम्मेदारी सौंपी है। इस पद का प्रभार संभाल रहे सी. पॉलरासु को जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, गंधर्व राठौर को विशेष सचिव (कार्मिक) के पद से हटाकर उपायुक्त हमीरपुर नियुक्त किया गया है। वर्ष 2007 बैच की IAS अधिकारी शैनाॅमोल ए. को सचिव (प्रशासनिक सुधार, प्रशिक्षण एवं एफए-आरपीजी) के साथ-साथ शिमला मंडलायुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। विनोद कुमार को कांगड़ा मंडलायुक्त पद से हटाकर सचिव (तकनीकी शिक्षा) नियुक्त किया गया है। हालांकि वे कांगड़ा मंडलायुक्त का अतिरिक्त प्रभार अपने पास रखेंगे।
दलीप कुमार नेगी को विशेष सचिव (राज्य कर एवं आबकारी) बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें विशेष सचिव (उद्योग एवं गृह) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। जबकि दिव्यांशु सिंघल को प्रबंध निदेशक, हिमाचल प्रदेश राज्य हथकरघा एवं हस्तशिल्प निगम नियुक्त किया गया है। वे चिकित्सा सेवाएं निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। नेत्रा मेटी को एसडीएम पालमपुर से स्थानांतरित कर नगर निगम आयुक्त पालमपुर लगाया गया है। वे एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार भी निभाती रहेंगी। सचिन शर्मा को एसडीएम अंब से हटाकर अतिरिक्त उपायुक्त-सह-परियोजना निदेशक (डीआरडीए), शिमला नियुक्त किया गया है।
प्रदेश प्रशासनिक सेवा में भी बदलाव किया गया है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान निजी सचिव एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार को अब विशेष सचिव (कार्मिक) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा कुलबीर सिंह राणा को उपायुक्त (राहत एवं पुनर्वास) तलवाड़ा (राजा का तालाब) नियुक्त किया गया है। संजीत शर्मा को एसडीएम थुनाग (मंडी) और रमेश कुमार को कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। सुमेध शर्मा को संयुक्त निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं तथा गणेश ठाकुर को संयुक्त आयुक्त, नगर निगम पालमपुर बनाया गया है।
