एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य सरकार अगले माह से कर्मचारियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) प्रदान करेगी। यह भत्ता अक्टूबर माह के वेतन के साथ नवंबर में जारी किया जाएगा। साथ ही एक अप्रैल से सितंबर 2025 तक का एरियर दिवाली से पहले कर्मचारियों के खातों में डाल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन सम्मेलन में की। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की भलाई की चिंता है और बजट भाषण में किए गए वादे को अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य की वित्तीय स्थिति पहले चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन अब सुधार के बाद सरकार कर्मचारियों को राहत देने में सक्षम हुई है।
महंगाई भत्ते के बकाया की अदायगी पर फैसला जल्द
सुक्खू ने कहा कि जुलाई 2023 से मार्च 2025 तक के महंगाई भत्ते की बकाया राशि की अदायगी पर जल्द निर्णय लिया जाएगा और इस संबंध में अधिसूचना जारी की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने बिजली बोर्ड में रिक्त पदों को भरने और लंबित पदोन्नतियों पर शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों को सेवा के दौरान घायल होने की स्थिति में सरकार मुआवजा देगी। साथ ही, बिजली बोर्ड में पुरानी पेंशन योजना (OPS) सहित अन्य मामलों पर भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
सरकार के फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन की स्मारिका का विमोचन किया। यूनियन के महासचिव हीरालाल वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों ने इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिन पर उन्होंने सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया। सरकार के फैसले से प्रदेश के करीब पौने दो लाख सरकारी कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। दिवाली से पहले डीए और एरियर का भुगतान कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। लंबे समय से महंगाई भत्ते की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को अब इसका लाभ मिलने जा रहा है।
