एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में एशियन विकास बैंक के सहयोग से संचालित पर्यटन विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्य में एडीबी के सहयोग से ट्रेंच-1 के तहत 1620 करोड़ रुपये तथा ट्रेंच-2 के अंतर्गत 730 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए तथा निर्माण कार्यों में विश्व-स्तरीय गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल पर्यटन को एक सशक्त ब्रांड के रूप में विकसित करने के लक्ष्य से कार्य कर रही है। पर्यटन विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रदेश में कनेक्टिविटी और अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। विभिन्न हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है, वहीं कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
एशियन विकास बैंक के सहयोग से पालमपुर और नगरोटा बगवां में 77.70 करोड़ रुपये की परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। पालमपुर में एचआरटीसी बस स्टैंड के समीप मल्टीलेवल पार्किंग, पुरानी सब्जी मंडी के पास पार्किंग सुविधा, कैफे-कॉफी शॉप, पुस्तकालय व रीडिंग रूम, न्यूगल कैफे का जीर्णोद्धार तथा विभिन्न सड़कों और मार्गों के सुधार कार्य किए जा रहे हैं। नगरोटा बगवां में सड़कों के सुधार, ड्रेन व डक्ट निर्माण, पुराने बस अड्डे का सौंदर्यकरण, क्लॉक टावर निर्माण, गांधी ग्राउंड, नारदा-शारदा मंदिर, मटौर गार्डन, बरोह, मेला ग्राउंड और गुरुद्वारा श्री पौड साहिब के सौंदर्यकरण सहित कई कार्य प्रगति पर हैं।
इसके अतिरिक्त हमीरपुर जिला के श्री बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर में 51.09 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यकरण एवं अधोसंरचना विस्तार, धर्मशाला में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से आइस व रोलर स्केटिंग रिंक, कुल्लू में 20.57 करोड़ रुपये और मनाली में 36.19 करोड़ रुपये की लागत से वेलनेस सेंटर, तथा 8.63 करोड़ रुपये की लागत से कुल्लू स्थित नग्गर कैसल के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी चरण में शिमला व मनाली में आइस स्केटिंग रिंक, कून्हा स्थित कालेश्वर महादेव मंदिर में जन-सुविधाएं, नादौन में राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स, वेलनेस सेंटर, साहसिक खेल केंद्र एवं छात्रावास, तथा नगरोटा बगवां में वेलनेस सेंटर और म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण भी एडीबी के सहयोग से किया जाएगा।
बैठक में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने पर्यटन विकास बोर्ड के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी और सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रधान सचिव पर्यटन देवेश कुमार, सचिव आशीष सिंहमार, निदेशक पर्यटन विवेक भाटिया, परियोजना निदेशक (एडीबी) विवेक महाजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
