एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल प्रदेश सरकार के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के दो प्रमुख प्रकाशनों — हिमाचल प्रदेश सांख्यिकीय सार 2024-25: डेटा विज़ुअलाइज़ेशन और सांख्यिकीय वर्ष पुस्तक 2024-25 — का विमोचन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में डेटा-आधारित सुशासन को सुदृढ़ करने के लिए विभाग के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय, पारदर्शी और समयबद्ध डेटा विकास योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है, जिससे दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों का संतुलित विकास सुनिश्चित होता है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि 2024-25 संस्करण में नवीन डेटा विज़ुअलाइज़ेशन सुविधाएं जैसे रंगीन चार्ट, ग्राफ और मानचित्र शामिल किए गए हैं, जिससे जानकारी अधिक सुलभ और उपयोगकर्ता अनुकूल हो गई है। उन्होंने कहा कि यह प्रकाशन राज्य की साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
सचिव (आर्थिक एवं सांख्यिकी) डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि यह डेटा डिजिटल हिमाचल पोर्टल पर भी उपलब्ध है, जिससे पारदर्शिता और आम जनता की पहुंच सुनिश्चित हुई है। वहीं, आर्थिक सलाहकार डॉ. विनोद राणा ने कहा कि इन पुस्तकों का उन्नत प्रारूप योजनाकारों और शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी होगा।
इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
