बिलासपुर। जिला चिकित्सकीय विकलांगता बोर्ड की बैठक 7 नवंबर को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में आयोजित की जाएगी। यह बैठक अस्पताल के नए ओपीडी कॉम्प्लेक्स के कक्ष संख्या 203 में सुबह 10 बजे से शुरू होगी और अंतिम लाभार्थी की जांच पूरी होने तक जारी रहेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि इस बोर्ड के माध्यम से पात्र दिव्यांग व्यक्तियों का चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा और उन्हें विकलांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। यह प्रमाण पत्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहायक होगा।
मेडिकल बोर्ड की अध्यक्षता सीएमओ डॉ. शशि दत्त शर्मा करेंगे। बोर्ड में डॉ. निशांत आचार्य (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. भूपिंदर शर्मा (ईएनटी विशेषज्ञ), डॉ. प्रशांत शर्मा (जनरल सर्जन), डॉ. कुलदीप कुमार (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. निशांत वर्धन (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. नरेश चौहान (मेडिसिन विशेषज्ञ), डॉ. आयुष शर्मा (मनोचिकित्सक) तथा श्रीमती ज्योत्स्ना गौतम (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट) सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। सीएमओ ने बताया कि विकलांगता प्रमाण पत्र बोर्ड के कम से कम दो नामित सदस्यों द्वारा प्रमाणित एवं स्वीकृत किया जाना आवश्यक होगा। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को समय पर उपस्थित हों ताकि प्रक्रिया में कोई विलंब न हो।
