एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त अनुराग चन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें जिले की सड़कों को सुरक्षित और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम लोगों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। बैठक में मनिकरण–बरशैणी, सिउंड–रैला और NH-305 सड़क मार्ग पर विशेष चर्चा हुई, जहां पर्यटकों और वाहनों का दबाव अधिक रहता है।
इन सड़कों की वर्तमान स्थिति, यातायात भार और संभावित खतरों का आकलन करते हुए सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। समिति ने इन मार्गों के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने की सिफारिश की। उपायुक्त ने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ प्रमुख सड़कों का संयुक्त निरीक्षण करें और रिपोर्ट तैयार करें, ताकि खतरनाक स्थानों की पहचान कर सुधार किया जा सके। उन्होंने NHAI अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क संकेतक, क्रैश बैरियर, उचित लाइटिंग और अन्य सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने को कहा। एनएच किनारे अवैध कब्जों को हटाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके और यातायात सुचारू बना रहे। बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं अधिशासी अभियंता बीसी नेगी ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा, डीएसपी शेर सिंह ठाकुर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
