एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
लोनिवि व शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राजधानी शिमला में ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शहर में जल्द ही हाइड्रोलिक पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे पार्किंग संकट और जाम की समस्या में राहत मिलेगी। यह घोषणा 14वीं जिला शिमला आईटीआई (महिला) स्पोर्ट्स मीट के समापन समारोह के दौरान आईटीआई चौड़ा मैदान में की गई, जहां मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंत्री ने बताया कि शहर के करीब 15 स्थानों का चयन किया जा चुका है और यह कार्य 1200 करोड़ रुपये की लागत से शहरी विकास योजना के तहत किया जाएगा। प्रस्तावित परियोजनाओं में भीड़भाड़ कम करना, हाइड्रोलिक पार्किंग सिस्टम विकसित करना, भूमिगत उपयोगिता पाइपलाइन बिछाना और कांगड़ा एयरोसिटी जैसी आधुनिक टाउनशिप विकसित करना शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र स्तर पर इन परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्रस्तुत होते ही मंजूरी मिल सकती है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आईटीआई संस्थानों में स्किल शिक्षा को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आईटीआई में आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण दिया जा रहा है और कैंपस प्लेसमेंट के जरिए छात्रों को मल्टीनेशनल कंपनियों में रोजगार मिल रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने स्पोर्ट्स मीट के आयोजन के लिए 41 हजार रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। इसके अलावा आईटीआई शिमला को बेहतर प्रदर्शन के लिए 15 हजार रुपये और छात्रा ममता को 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई।
स्पोर्ट्स मीट 24 से 27 अप्रैल तक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश भर की आईटीआई की छात्राओं ने भाग लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में राजकीय आईटीआई शिमला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप और कल्चर ट्रॉफी अपने नाम की।
