एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन के दौरान सी-ग्रेड (C-Grade) सेब की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। हिमाचल प्रदेश उद्यान उत्पाद विपणन और प्रसंस्करण निगम (HPMC) को सी-ग्रेड सेब खरीद का दायित्व सौंपा गया है। खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (MIS) का पूर्ण डिजिटलीकरण कर दिया गया है। अब बागवानों को अपना सी-ग्रेड सेब बेचने के लिए MIS एप पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था के तहत अब तक 250 से अधिक किसान-बागवान अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
चरणबद्ध तरीके से खुलेंगे एप्पल कलेक्शन सेंटर
HPMC के मुताबिक, प्रदेश के सेब उत्पादक क्षेत्रों में चरणबद्ध (Phased) तरीके से एप्पल कलेक्शन सेंटर शुरू किए जा रहे हैं। पहले चरण में रोहड़ू, जुब्बल और चौपाल में केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद मंडी के चिंडी व चच्योट, कुल्लू और चंबा जिले के चिन्हित स्थानों पर सेंटर बनाए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर अगले चरणों में अन्य क्षेत्रों में भी केंद्र खोले जाएंगे। सफल पंजीकरण के बाद बागवान ऐप के माध्यम से अपने सी-ग्रेड सेब की अनुमानित मात्रा (Proposed Quantity) की अग्रिम सूचना दे सकेंगे। वे सुविधा अनुसार निकटतम कलेक्शन सेंटर का चयन कर पाएंगे, जिससे HPMC को बारदाने और परिवहन की उचित व्यवस्था करने में मदद मिलेगी।
मोबाइल एप और लोकमित्र केंद्रों से होगा पंजीकरण
बागवान अपने लैपटॉप, कंप्यूटर या मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ग्राम पंचायतों का सहयोग लिया जा रहा है। MIS एप को लोकमित्र केंद्रों से जोड़ा जा रहा है, ताकि जिन्हें तकनीकी परेशानी हो, वे वहां जाकर सहायता ले सकें।
