एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। ह्यूमेन पीपल संस्था, रामपुर बुशहर ने आज SJVNL झाखड़ी के महाप्रबंधक राजीव कपूर को आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी-रेबीज़ टीकाकरण के संबंध में ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर संस्था के प्रधान अनिल मोकटा सहित अन्य सदस्यों ने परिसर में आवारा कुत्तों के प्रति बढ़ती क्रूरता और उनके अनावश्यक स्थानांतरण पर गहरी चिंता व्यक्त की।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) नियम, 2023 के अनुसार समुदायिक कुत्तों का स्थानांतरण पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसलिए केवल मानवीय तरीकों जैसे नसबंदी (ABC) और एंटी-रेबीज़ टीकाकरण ही स्वीकार्य समाधान हैं।
ह्यूमेन पीपल संस्था ने SJVNL प्रशासन से आग्रह किया कि वे परिसर में नियमित एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) शिविर और एंटी-रेबीज़ टीकाकरण अभियान चलाएं। संस्था ने इसके लिए पूर्ण तकनीकी सहयोग देने का आश्वासन भी दिया। साथ ही, रिहायशी कॉलोनियों में उचित फीडिंग पॉइंट्स स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया ताकि कुत्तों के भोजन और आवास की व्यवस्था सुचारू रहे।
ज्ञापन में यह भी जोर दिया गया कि कुत्तों को परेशान करना या उन्हें खिलाने वाले लोगों को प्रताड़ित करना पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 एवं ABC नियम, 2023 के तहत दंडनीय है। इस पर SJVNL के महाप्रबंधक राजीव कपूर ने आश्वासन दिया कि SJVNL पहले से ही इस दिशा में कार्यरत है और पशु जन्म नियंत्रण तथा टीकाकरण के लिए पूरा सहयोग देने को तैयार है।
इस मौके पर ह्यूमेन पीपल संस्था के संस्थापक डॉ. अनिल शर्मा, उप प्रधान रजत नेगी, क्षेत्रीय सचिव दीपाली मेहता, क्षेत्रीय सह सचिव पायल मेहता तथा SJVNL के मानव संसाधन प्रमुख मनीष उपस्थित रहे।
