एआरबी टाइम्स ब्यूरो
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन मंडी द्वारा एक भव्य फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के लिए प्रविष्टियां 23 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक आमंत्रित की गई हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य शिवरात्रि महोत्सव की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, देव आगमन, पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज, धार्मिक आस्था, जनजीवन तथा मंडी के प्राकृतिक और ऐतिहासिक सौंदर्य को छायाचित्रों के माध्यम से संजोना है।
प्रतियोगिता में देशभर के 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के शौकिया एवं पेशेवर फोटोग्राफर भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी अधिकतम दो थीम में अपनी प्रविष्टियां भेज सकते हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत तीन थीम निर्धारित की गई हैं।
पहली थीम फोटो निबंध है, जिसमें मंडी शिवरात्रि से जुड़ी किसी विशेष कहानी पर आधारित 5 से 7 तस्वीरों का क्रमबद्ध सेट तथा अधिकतम 150 शब्दों का विवरण देना होगा।
दूसरी थीम स्ट्रीट फोटोग्राफी है, जिसमें श्रद्धालुओं की भावनाएं, मेले के दृश्य और देव जुलूसों से जुड़े सहज क्षणों पर आधारित अधिकतम दो तस्वीरें भेजी जा सकती हैं।
तीसरी थीम लैंडस्केप्स एवं हेरिटेज है, जिसमें मंडी की धार्मिक एवं धर्मनिरपेक्ष वास्तुकला, पर्वतीय परिदृश्य, नदी घाटियां और प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाने वाली अधिकतम दो तस्वीरें स्वीकार की जाएंगी।
उपायुक्त ने बताया कि डिजिटल प्रविष्टियां उच्च गुणवत्ता की जेपीईजी या रॉ फॉर्मेट में ईमेल के माध्यम से mandidtdo@gmail.com पर भेजी जाएंगी। सभी तस्वीरें मंडी जिला क्षेत्र में ली गई, मौलिक, अप्रकाशित और एआई जनरेटेड नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक प्रविष्टि के साथ प्रतिभागी का नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल, फोटो शीर्षक, फोटो लेने की तिथि और पहचान के लिए आधार कार्ड की स्कैन प्रति संलग्न करना अनिवार्य है। सभी चयनित प्रविष्टियों की फोटो प्रदर्शनी सेरी मंच पर आयोजित की जाएगी तथा प्रतियोगिता का मूल्यांकन उपायुक्त मंडी द्वारा नामित जूरी पैनल द्वारा किया जाएगा।
पुरस्कारों की बात करें तो फोटो निबंध श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 15,000 रुपये और द्वितीय पुरस्कार 10,000 रुपये दिया जाएगा। वहीं स्ट्रीट फोटोग्राफी और लैंडस्केप्स एवं हेरिटेज श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 11,000 रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 8,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिले, प्रदेश और देशभर के फोटोग्राफी प्रेमियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
