एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने पूह (जिला किन्नौर) में जन संवाद करते हुए स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उचित मांगों का चरणबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश सरकार विशेष रूप से जनजातीय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा इन वर्गों के हित में काम किया है।
जगत सिंह नेगी ने वन अधिकार अधिनियम 2006 का हवाला देते हुए लोगों से जमीन के मालिकाना हक प्राप्त करने के लिए आगे आने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने नौ तोड़ अधिनियम 1968, 73वां संविधान संशोधन, मनरेगा अधिनियम 2005 और सूचना का अधिकार 2005 के तहत प्राप्त लाभों की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में आपदा राहत मैन्युअल में संशोधन कर मुआवज़े की राशि में वृद्धि की गई है, जिससे प्रभावितों को राहत मिलेगी। इसके उपरांत मंत्री ने पूह ब्लॉक कांग्रेस समिति की बैठक की अध्यक्षता की और कांग्रेस की जमीनी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा के भ्रामक प्रचार का बूथ स्तर पर विरोध करें और कांग्रेस सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करें। मंत्री ने दोहराया कि सरकार दलगत राजनीति या प्रतिशोध की भावना से नहीं, बल्कि प्रदेश के हर वर्ग और क्षेत्र के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
बैठक का संचालन सुशील साना ने किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम नेगी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
