एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिले की प्रसिद्ध पर्यटन घाटी सांगला वैली का दौरा किया और सांगला बस स्टैंड के पास भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूस्खलन की समस्या का शीघ्र समाधान निकालने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि भूस्खलन से बस स्टैंड को भी खतरा उत्पन्न हो गया है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर संकट मंडरा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की और क्षेत्र की संवेदनशील स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रही लगातार भारी बारिश से कई क्षेत्रों में तबाही हुई है, और राज्य सरकार पूरी तत्परता के साथ प्रभावित लोगों की मदद में जुटी है।
मंत्री ने कहा, “राज्य सरकार द्वारा राहत कार्यों में तेजी लाई जा रही है। प्रभावितों को मूलभूत सुविधाएं जैसे भोजन, पानी, चिकित्सा और सुरक्षित आवास उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कई स्थानों पर फंसे लोगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू भी किया गया है।”
इसके उपरांत उन्होंने विश्राम गृह सांगला में स्थानीय नागरिकों की जन समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को इनके त्वरित निवारण के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर मिल सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अभिषेक शर्मा, थाना प्रभारी जय सिंह, ग्राम पंचायत प्रधानगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
