एआरबी टाइम्स ब्यूरो
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार करने का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार पंचायत चुनाव स्थगित करने के लिए बेतुके तर्क दे रही है। एक तरफ मुख्यमंत्री दावा करते हैं कि सब कुछ तहस-नहस हो गया है, वहीं लोक निर्माण मंत्री कहते हैं कि मात्र 10-15 सड़कें ही बंद हैं। जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा, आपदा के 5 महीने बाद भी सरकार डैमेज रिपोर्ट तैयार नहीं कर पाई है। आपदा प्रबंधन कानून लागू है, वहीं सरकार अपने 3 साल पूरे होने पर 20 हजार की भीड़ जुटाकर जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। काम रोको प्रस्ताव के तहत पंचायत चुनाव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सदन में मौजूद ही नहीं थे, जबकि जवाबदेही उन्हीं की है।
राज्य निर्वाचन आयोग के काम में हस्तक्षेप का आरोप
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा शुरू से ही चुनाव टालने की थी। उन्होंने कहा कि यह सरकार और चुनाव आयोग के बीच सीधा टकराव है। जब आयोग ने आरक्षण रोस्टर मांगा, तो सरकार ने उस पर रोक लगा दी। आयोग की ओर से पंचायत सीमाएं फ्रीज करने के बावजूद, सरकार कैबिनेट से पुनर्सीमांकन के आदेश जारी कर रही है। जयराम ठाकुर ने इसे चुनाव आयोग के अधिकारों का हनन बताया और कहा कि भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।
रोजगार और नियुक्तियों के आंकड़ों पर सरकार खामोश
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार विधायकों की ओर से पूछे गए तीखे सवालों को स्थगित कर रही है। उन्होंने सवाल दागा कि क्या सरकार के पास पिछले 3 सालों में दिए गए रोजगार, सलाहकारों/ओएसडी की नियुक्तियों और सेवा विस्तार के आंकड़े नहीं हैं? या फिर आंकड़े इतने शर्मनाक हैं कि सरकार जनता का सामना नहीं कर सकती?
कबड्डी वर्ल्ड कप विजेताओं के साथ ली सेल्फी
राजनीतिक हमलों के बीच, जयराम ठाकुर ने हिमाचल की बेटियों की उपलब्धि पर खुशी भी जाहिर की। दिल्ली से कांगड़ा आते समय उनकी मुलाकात महिला कबड्डी वर्ल्ड कप विजेता टीम की सदस्य पुष्पा राणा, भावना ठाकुर और चंपा ठाकुर से हुई। जयराम ठाकुर ने खिलाड़ियों के साथ सेल्फी ली और कहा, “हमारी बेटियां दुनिया भर में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रही हैं। इन चैंपियंस के साथ यात्रा करना मेरे लिए गर्व का क्षण था।”
