एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
उपायुक्त तोरुल एस. रवीश की अध्यक्षता में जूनियर रेडक्रॉस व यूथ रेडक्रॉस कमेटी की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में रेडक्रॉस यूनिट्स के विस्तार, उनकी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि रेडक्रॉस के माध्यम से युवा पीढ़ी को सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने, नशे से दूर रखने और मानव सेवा से जोड़ने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में जूनियर रेडक्रॉस व यूथ रेडक्रॉस यूनिट्स का गठन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को इससे जोड़ा जा सके। इससे उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होगी और वे आपदा प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा व मानवीय सहायता जैसे विषयों में प्रशिक्षित होंगे।
उपायुक्त ने जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस यूनिटों के गठन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए कहा कि इसके लिए सभी संबंधित संस्थाओं को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने गतिविधियों की निगरानी और पारदर्शिता के लिए जूनियर रेडक्रॉस/यूथ रेडक्रॉस सब-कमेटी का एक समर्पित पोर्टल विकसित करने का सुझाव भी दिया।
बैठक में जिला स्तर पर बुक बैंक स्थापित करने तथा जूनियर एवं यूथ रेडक्रॉस यूनिट्स की रैंकिंग के आधार पर पुरस्कार प्रणाली लागू करने पर भी चर्चा की गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि वर्तमान में जिला कुल्लू में 64 जूनियर व यूथ रेडक्रॉस यूनिट्स सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं, जो विभिन्न विद्यालयों व महाविद्यालयों में सामाजिक गतिविधियों का संचालन कर रही हैं।
इसके अलावा अन्य स्कूलों व कॉलेजों में भी रेडक्रॉस यूनिट्स गठित करने का लक्ष्य तय किया गया। बैठक में प्रस्तावित वार्षिक कार्य योजना पर भी मंथन किया गया, जिसके अंतर्गत यूनिट गठन, ऑरिएंटेशन कार्यक्रम, परामर्शदाताओं के लिए रेडक्रॉस के सिद्धांत, दिशा-निर्देशों का पालन, वित्तीय प्रबंधन, रिपोर्टिंग और फीडबैक आधारित सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिला स्तरीय जूनियर/यूथ रेडक्रॉस यूनिट कैंप के आयोजन पर भी चर्चा हुई।
वार्षिक कार्यक्रमों के तहत रेडक्रॉस की बुनियादी जानकारी देना, रेडक्रॉस दिवस मनाना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, नशा निवारण, सड़क सुरक्षा एवं शिष्टाचार, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा आपदा प्रबंधन एवं रोकथाम से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सहायक आयुक्त जयवन्ती ठाकुर, रेडक्रॉस सचिव वी.के. मोदगिल, रेडक्रॉस से जुड़े स्कूलों व कॉलेजों के शिक्षक तथा रेडक्रॉस यूनिट्स के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।