एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के उपमंडल निरमंड की ज्योति का चयन भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। ज्योति ने अपनी स्नातक की पढ़ाई डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ से पूरी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने NCC एयर विंग जॉइन किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ NCC ‘C’ सर्टिफिकेट A ग्रेड हासिल किया।
प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने माइक्रो प्लेन में को-पायलट के निर्देशन में चंडीगढ़ में दो बार 40-40 मिनट की सुरक्षित उड़ान भरी। इस दौरान ओवरटेकिंग और सुरक्षित लैंडिंग जैसी प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी कीं। ज्योति के पिता तेजा आईटीबीपी में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हैं और देश की उत्तर-पूर्वी सीमा पर तैनात हैं। वे 2010–11 में संयुक्त राष्ट्र संघ के भारतीय शांति मिशन के तहत अफ्रीका में भारत का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं। माता अरुणा देवी गृहिणी हैं। ज्योति की इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरा निरमंड क्षेत्र गौरवान्वित है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
