एआरबी टाइम्स ब्यूरो , मंडी
लोकसभा सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और प्रभावशीलता पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें और पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों पर ठोस प्रगति दिखाएं। दिशा समिति का उद्देश्य योजनाओं की गति और गुणवत्ता में सुधार लाना है, ताकि लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
एनएचएआई की ओर से मंडी जिले में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। सांसद ने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने मंडी–पठानकोट फोरलेन (परौर–पधर खंड) की डीपीआर, नेरचौक–पंडोह अतिरिक्त टनल, पंडोह बाईपास भूमि अधिग्रहण और पंडोह–टकोली फोरलेन सुदृढ़ीकरण के कार्यों को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए। कंगना ने बरसात के दौरान ब्यास और सहायक नदियों में आए मलबे से उत्पन्न खतरे पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नदियों को उनके मूल स्वरूप में लाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नशा-निवारण पर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए संक्षिप्त फिल्म तैयार करने, नगर निगम को स्वच्छता पर एड फिल्म बनाने और शिक्षा विभाग को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुधार के लिए रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा पर लोगों को जागरूक करने पर जोर
सांसद कंगना रणौत ने बुधवार को मंडी में संसदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी हिस्सा लिया। सांसद कंगना रणौत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जाएं। कंगना ने कहा कि सख्त ट्रैफिक नियम पालन से दुर्घटनाओं में कमी लाकर अमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं।
