एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। बादल फटना एक बार फिर जिला कुल्लू पर कहर बनकर टूटा है। मंगलवार को उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. रवीश ने लग वैली और भूतनाथ पुल का दौरा किया। उन्होंने भारी बारिश और बादल फटने से हुए नुकसान का जायजा लिया। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और पुलिस प्रशासन को भूतनाथ पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही आम जनता से भी इस पुल का उपयोग न करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे जानमाल का खतरा बना हुआ है। इसलिए लोग अलर्ट का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। उपायुक्त ने बताया कि सोमवार रात करीब ढाई बजे लग वैली में बादल फटने से सरबरी नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आया, जिससे भूतनाथ पुल की सड़क को भारी नुकसान हुआ। इसके अलावा, हनुमानी बाग का पैदल पुल बह गया है, और रोपड़ी-भुट्टी का पुल व सुम्मा का श्मशान घाट भी बाढ़ की चपेट में आकर तबाह हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र की कई सड़कों पर आवाजाही बंद है। लग वैली की पंचायतों को जोड़ने वाली संपर्क सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। लोक निर्माण विभाग को सभी सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
मकानों की बात करें तो:
8 पक्के और 2 कच्चे मकान पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं।
14 पक्के और 17 कच्चे मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
बिजली और पानी की आपूर्ति पर असर:
कुल्लू, कोली विहार, मणिकर्ण और खराल क्षेत्र में 81 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं।
थलोट में भूस्खलन के कारण बिजली लाइन बाधित हुई है।
कुल्लू की 39, लारजी की 9 और आनी क्षेत्र की 19 पेयजल योजनाएं पूरी तरह से ध्वस्त हो गई हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग और यातायात:
एनएच-3 को बहाल कर दिया गया है।
एनएच-305 अभी भी कई जगहों पर बंद है और खोलने का कार्य जारी है।
रोपा के पास 100 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं, जिनके लिए राहत और भोजन की व्यवस्था की गई है।
वर्तमान में बंद संपर्क सड़कों की संख्या:
बंजार: 34
निरमंड: 37
कुल्लू: 30
आनी: 3
उपायुक्त का अनुरोध:
उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने सभी नागरिकों से सतर्क रहने, प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।