एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। पिछले एक सप्ताह से दत्तनगर में तेंदुए की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। तेंदुए को अब तक तीन बार अलग-अलग स्थानों पर देखा गया है। वन विभाग की रैपिड रेस्क्यू टीम क्षेत्र में लगातार एक्टिव है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए गए हैं।
तेंदुए की मूवमेंट और सावधानियां:
डीएफओ गुरहर्ष सिंह ने बताया कि तेंदुए की मूवमेंट को वीडियो में देखने के बाद पूरे इलाके में पिंजरे लगाए गए हैं। साथ ही सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। पिंजरे में कुत्ते का बच्चा रखा गया है ताकि तेंदुआ ट्रैप में फंस सके। स्थानीय लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि तेंदुए के दिखने पर स्वयं कोई कार्रवाई न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
रेस्क्यू टीम और निगरानी समिति सक्रिय:
बीओ नोगली विपिन कुमार के नेतृत्व में बनाई गई रैपिड रेस्क्यू टीम में वन रक्षक उदय कुमार, तारा चंद, नीरज कुमार, वन मित्र राहुल कश्यप और विकास शामिल हैं। यह टीम संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त कर रही है और ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए जागरूक कर रही है।
एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने कहा कि दत्तनगर में तेंदुए की धरपकड़ के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। रामपुर वन विभाग की अतिरिक्त रेस्क्यू टीम भी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
ग्रामीणों में डर का माहौल:
स्थानीय निवासी दयाल सिंह और संजीव कुमार ने बताया कि तेंदुए के डर से क्षेत्र में रात के समय सन्नाटा पसर जाता है। लोग जरूरी काम के लिए भी समूह में और लाठी-डंडों के साथ ही निकल रहे हैं। तेंदुए ने अभी तक किसी पर हमला नहीं किया है, लेकिन उसकी मौजूदगी ने मासूमों तक को खौफ में डाल दिया है।
स्कूल के पास देखी गई तेंदुए की हलचल:
गत वीरवार को तेंदुए को एसजेवीएनएल डीएवी स्कूल, दत्तनगर के पास देखा गया। रिहायशी क्षेत्र में दिन के समय तेंदुए की मौजूदगी ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
