एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला \मंडी
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बादल फटने की घटना में बेघर हुए लोगों को राहत राशि बांटने के लिए राज्य सरकार आज मंडी में कार्यक्रम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित 1500 करोड़ रुपये की राहत राशि न आने के बावजूद सरकार अपने स्तर पर आपदा पीड़ितों को मदद दे रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंडी पहुंच कर आपदा प्रभावितों को राहत राशि बांटेंगे। राज्य सरकार ने आपदा पैकेज के तहत जिन परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें सात लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है, इनमें से बेघर लोगों को चार-चार लाख रुपये की पहली किस्त दी जाएगी। इसके अलावा, जिन घरों को आंशिक नुकसान हुआ है, उन्हें एक-एक लाख रुपये की राहत राशि दी जाएगी। इसके साथ ही जिनके पालतू या घरेलू पशु इस आपदा में मारे गए, उन्हें भी आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
मंडी, कुल्लू और बिलासपुर के प्रभावितों को बांटेंगे राहत
कार्यक्रम में मंडी जिले के साथ-साथ कुल्लू और बिलासपुर जिले के आपदा प्रभावित लोगों को भी राहत राशि बांटी जाएगी। मंडी जिले के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह पौने 11 बजे पहले पनारसा पहुंचेंगे। यहां डिग्री कॉलेज भवन का उद्घाटन करेंगे और उसके बाद हेलिकॉप्टर से पड्डल मैदान पहुंचेंगे और आपदा प्रभावितों को राहत राशि बांटेंगे। राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से संवाद भी करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर में मुख्यमंत्री शिमला रवाना होंगे।
और पढ़ें
>>दिल्ली और एनसीआर की हवा जहरीली, PM 2.5 प्रदूषक लोगों की सांसों में मुश्किलें बढ़ा रहे
