एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
माता मंगला काली एवं देवता साहब डोगणू लालसा के नव-निर्मित मंदिर में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठा समारोह के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को माता मंगला काली मंदिर, लालसा में उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रतिष्ठा समारोह 18 से 23 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लगभग 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाएं, अग्नि सुरक्षा तथा परिवहन प्रबंधन सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपमंडलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं। उन्होंने समारोह अवधि के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, यातायात कर्मियों, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के आसपास श्रद्धालुओं के ठहराव और वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मंदिर के पदाधिकारियों एवं कारदारों ने प्रशासन द्वारा समय रहते की जा रही तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि समारोह के दौरान मंदिर प्रबंधन पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
बैठक में उपमंडल पुलिस अधिकारी रामपुर नरेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत कुकू शर्मा, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम, अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा मंदिर के कारदार एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
