एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने नारकंडा में 3 दिवसीय स्की-स्नोबोर्ड चैंपियनशिप का शुभारम्भ किया। यह प्रतियोगिता 10 फरवरी से 12 फरवरी तक आयोजित की जा रही है।
इस अवसर पर आर.एस. बाली ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए, ताकि युवाओं को नई दिशा और बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि नारकंडा में आयोजित होने वाली यह स्नोबोर्ड चैंपियनशिप एक प्रमुख आयोजन है, जो देश-विदेश के खिलाड़ियों को आकर्षित करती है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी अपनी गति और कौशल का प्रदर्शन करते हैं तथा विजेताओं को पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाता है।
उन्होंने कहा कि नारकंडा साहसिक पर्यटन के लिए एक आदर्श गंतव्य है। यहां की बर्फीली पहाड़ियां, गहरी घाटियां और शांत वातावरण साहसिक प्रेमियों को अनोखा अनुभव प्रदान करते हैं। स्नोबोर्डिंग के अतिरिक्त यहां स्कीइंग, ट्रैकिंग और कैंपिंग जैसी गतिविधियां भी प्रमुख आकर्षण हैं।
50 लाख से बनेगी पोर्टेबल लिफ्ट, 10 लाख से गेट निर्माण
स्थानीय लोगों की मांग पर आर.एस. बाली ने धुमरी (नारकंडा) स्की स्लोप पर 50 लाख रुपये की लागत से पोर्टेबल लिफ्ट उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस नारकंडा के पास धुमरी स्की स्लोप की ओर 10 लाख रुपये की लागत से प्रवेश द्वार (गेट) के निर्माण की भी घोषणा की गई।
इस अवसर पर आर.एस. बाली ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में उपमंडल दंडाधिकारी कुमारसैन मुकेश कुमार, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत नारकंडा ओम प्रकाश शर्मा, रूपेश कंवल (पूर्व एचपीटीडीसी), देविंदर राजटा, चेत राम वर्मा (पूर्व प्रधान सिहाल नारकंडा), अमित वर्मा (अध्यक्ष, जिला शिमला स्की, स्नोबोर्ड एवं क्रॉस कंट्री फेडरेशन), राजेश शर्मा (महासचिव, एचपी विंटर गेम्स एसोसिएशन), कमल शर्मा (महासचिव, जिला शिमला स्की स्नोबोर्ड एवं क्रॉस कंट्री फेडरेशन), नरेश कैंथला (कोषाध्यक्ष) सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
